Home लेटेस्ट न्यूज़ लौकहवा डिप पर ₹10.55 करोड़ का सेतु मंजूर:विधायक कैलाश नाथ शुक्ला की...

लौकहवा डिप पर ₹10.55 करोड़ का सेतु मंजूर:विधायक कैलाश नाथ शुक्ला की पैरवी लाई रंग,80 मीटर लंबे पुल से 2 लाख आबादी को जलभराव से मिलेगी राहत

0
3


बलरामपुर।वर्षों से बरसात के मौसम में आवागमन की मुश्किल झेल रहे तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है।विधायक कैलाश नाथ शुक्ला की लगातार पैरवी और प्रयास आखिरकार रंग लाए हैं। तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के लौकहवा डिप पर बहुप्रतीक्षित दीर्घ सेतु परियोजना को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। लगभग 10.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से बरसात में आवागमन की समस्या से जूझ रहे लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा अन्य जिला मार्ग पर जनमेजय सिंह के भट्ठे के पास स्थित इस परियोजना को शासन की व्यय वित्त समिति ने 31 अगस्त को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार पैरवी की थी। प्रस्तावित दीर्घ सेतु की लंबाई 80.08 मीटर और चौड़ाई 7.50 मीटर होगी। पुल के दोनों ओर 200-200 मीटर लंबे पहुंच मार्ग भी बनाए जाएंगे, साथ ही आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य भी किए जाएंगे। दरअसल, बरसात के मौसम में आसपास के नालों का पानी लौकहवा डिप पर जमा होकर सड़क के ऊपर से बहने लगता है। इससे यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है और राहगीरों तथा स्कूली बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रास्ता बंद होने पर ग्रामीणों को बलरामपुर जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 70 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था। इस सेतु के निर्माण से ललिया, हरिहरगंज, शिवपुरा, बनकटवा और वरदौलिया सहित दर्जनों गांवों की लगभग दो लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की पहुंच आसान होगी, जिससे किसानों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। सेतु निर्माण इकाई के उप परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है और प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। शासनादेश प्राप्त होते ही नियमानुसार निर्माण की अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here