Monday, November 16, 2026
Home Uncategorized महादेव सट्टा मामले में सीबीआई ने की बड़ी कार्रवाई, छह राज्यों में...

महादेव सट्टा मामले में सीबीआई ने की बड़ी कार्रवाई, छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापे; हवाला नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज जब्त

0
0

जेएनएन, रायपुर। महादेव सट्टा मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, गुजरात व महाराष्ट्र में 33 ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है।

जांच एजेंसी ने अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में की गई छापेमारी के दौरान सट्टेबाजी के कई लाइव पैनलों को चलते हुए पकड़ा और उन्हें ध्वस्त करने का दावा किया है।

सीबीआई के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में महादेव सट्टा के पैनल ऑपरेटरों के परिसरों पर की गई छापेमारी में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

इन दस्तावेज से साफ होता है कि सट्टेबाजी के पैसे को म्यूल अकाउंट (किराये के बैंक खातों) और हवाला नेटवर्क के माध्यम से ठिकाने लगाया जा रहा था। जांच में खाताधारकों को भी रडार पर लिया गया है। सट्टे की रकम से लेकर हवाला नेटवर्क तक एजेंसियां पहुंच रही हैं।

सीबीआई ने बीते एक नवंबर को महादेव सट्टा मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया था। उसे ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया था। रायपुर स्थित विशेष अदालत ने उसे आठ दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा था।

रिमांड के दौरान पूछताछ में सौरभ ने देशभर में फैले अपने पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क के काम करने के तरीके का राजफाश किया, जिसके आधार पर सीबीआई ने कार्रवाई की है। बीते 12 नवंबर को अदालत ने सौरभ को 19 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जिसके बाद ईडी ने उसे गिरफ्तार किया।

रवि उप्पल समेत फरार आरोपितों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी
सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव के मुताबिक, एजेंसी ने 6000 करोड़ रुपये के इस घोटाले में दो एफआईआर दर्ज की है। जांच में सामने आया है कि इस सिंडिकेट को भारत में पैनल ऑपरेटरों के एक बड़े नेटवर्क के माध्यम से चलाया जाता है।

सीबीआई अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों (जिनमें विदेश में बैठे लोग भी शामिल हैं), उनके सहायकों और संलिप्त लोक सेवकों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपित रवि उप्पल, शुभम सोनी, विकास छाबरिया आदि के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

म्यूल खाताधारक पर भी चल सकता है मुकदमा

सीबीआई के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक था। यह प्लेटफार्म क्रिकेट, फुटबाल, ताश के खेलों और अन्य आयोजनों पर सट्टेबाजी की सुविधा देता था।

जांच एजेंसी ने आम नागरिकों को भी चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान पत्र किसी को किराये पर देना आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने पर म्यूल खाताधारक पर भी मुकदमा चल सकता है।

अमृतसर में आठ घंटे तक संदिग्धों से पूछताछ

अमृतसर संवाददाता के अनुसार, सीबीआइ की तीन टीमों ने शनिवार सुबह छापेमारी की। पहली टीम ने छेहरटा में एक बुकी से लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की। पता चला है कि वह गिरोह के अन्य सदस्यों को बैंक खाते मुहैया कराता था।

दिलचस्प यह है कि खाताधारकों को इसकी भनक भी नहीं है। सीबीआई की दो अन्य टीमों ने होली सिटी स्थित एक कोठी में भी छापा मारा। आरोप है कि सट्टा एप चलाने वाले गिरोह ने इसी कोठी में अपना दफ्तर खोल रखा था। सीबीआई ने संदिग्धों को आठ घंटे तक हिरासत में लेकर पूछताछ की।

About The Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here