
श्रावस्ती जिले के गिलौला ब्लॉक की सिसवारा ग्राम पंचायत में राप्ती नदी का कटान लगातार जारी है। नदी के तेज बहाव के कारण भिनगा-सिसवारा संपर्क मार्ग का आधा हिस्सा नदी में समा गया है। प्रशासन के सारे प्रयास भी नदी के कटान को रोकने में नाकाम साबित हुए हैं। पिछले तीन दिनों से राप्ती नदी में काम कर रहे मजदूर अब लाचार हो गए हैं। स्थानीय लोगों में नदी के कटान को लेकर चिंता और डर बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। स्थानीय ग्रामीणों ने PWD विभाग को कई बार लिखित शिकायत देकर जानकारी दी, लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया। अब भिनगा-सिसवारा संपर्क मार्ग पूरी तरह से राप्ती नदी में समा चुका है। नदी में डाले गए ईंट, पत्थर, मिट्टी और बोरियां भी बहाव में बह गईं। प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट होने के बावजूद नदी के कटान को रोकने में नाकाम दिख रहा है। स्थानीय ग्रामीण रमेश कुमार निषाद, नाथूराम निषाद, रामजी दुबे और अर्जुन प्रसाद समेत कई लोगों ने श्रावस्ती जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग से तुरंत नदी के कटान को रोकने के लिए कदम उठाने की मदद मांगी है।































