जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। माता-पिता रेस्तरां में खाना खा रहे थे और उनकी 12 साल की बेटी कार की पिछली सीट पर गहरी नींद में सो रही थी। तभी एक चोर आया और कार लेकर फरार हो गया।
जब बच्ची की नींद खुली तो वह अपने घर से करीब 200-230 किलोमीटर दूर थी और कार कोई अनजान व्यक्ति चला रहा था। इसके बाद बच्ची ने हिम्मत दिखाई और आरोपित के चंगुल से निकलने में कामयाब रही।
यह घटना तमिलनाडु में चेन्नई के पास गुडुवांचेरी इलाके के वल्लनचेरी की है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात बच्ची के माता-पिता एक रेस्तरां में खाना खाने पहुंचे थे।
उन्होंने कार बाहर पार्क की थी और बेटी को सोता देखकर पिछली सीट पर ही छोड़ दिया था, लेकिन जब वे वापस लौटे तो कार गायब थी। घबराए माता-पिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इस बीच सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे आरोपित ने तमिलनाडु के सिरकाझी में न्यू बस स्टैंड के पास कार रोकी। यह जगह गुडुवांचेरी से करीब 200-230 किलोमीटर दूर है।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपित ने बच्ची को चुप कराने के लिए चाय दिलाने की बात कही। जैसे ही वह कार से बाहर निकला, बच्ची ने मौका देखकर कार से बाहर निकलने में कामयाब हो गई। बच्ची ने ऑटो चालकों को बताया कि उसे अगवा कर लिया गया है।
बच्ची की बात सुनते ही ऑटो चालकों ने उसे सुरक्षित सिरकाझी महिला पुलिस स्टेशन पहुंचाया। पुलिस ने तुरंत उसके माता-पिता से संपर्क किया और बच्ची को सुरक्षित परिवार के पास पहुंचा दिया।
पुलिस ने आरोपित को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर उसका मकसद केवल कार चोरी करना था, तो वह बच्ची को अपने साथ करीब 230 किलोमीटर दूर तक क्यों ले गया?

















