कार्यालयों में साफ-सफाई बेहतर ढंग से रखने के दिये निर्देश
सभी फाइलों एवं रजिस्टरों को हमेशा रखा जाए अपडेट-जिलाधिकारी

श्रावस्ती। नवागन्तुतक जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने आज सम्पूर्ण कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने कलेक्ट्रेट में स्थापित सभी कार्यालयों का भ्रमण कर निरीक्षण किया तथा उनके विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होने जिला सूचना कार्यालय, जिला पूर्ति कार्यालय, कौशल विकास मिशन, बचत कार्यालय, राजस्व अभिलेखागार, राजस्व अनुभाग, ई गवर्नेंस कार्यालय, नजारत, कोषागार, समाज कल्याण, निर्वाचन कार्यालय, अपर जिलाधिकारी कार्यालय सहित सम्पूर्ण कलेक्ट्रेट परिसर एवं विभिन्न अनुभागों/पटलों का बारीकी से निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होने सम्बन्धित पटल सहायकों द्वारा देखे जा रहे कार्यो के बारें में भी जानकारी ली और कार्यो को व्यवस्थित ढंग से करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होने आई0जी0आर0एस0 पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की भी ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने नजारत के निरीक्षण के दौरान नाजिर द्वारा देखे जा रहे कार्यो की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होने उपस्थित पंजिका सहित अन्य रजिस्टरों/अभिलेखों का भी अवलोकन किया तथा समय से सभी फाइलों एवं रजिस्टरों को हमेशा अपडेट रखने का निर्देश दिया। उन्होने आर0सी0 वसूली की पंजिका को अपडेट करने, आडिट आपत्तियों का निराकरण कराने तथा डेड स्टाक को भी सत्यापित कराने का निर्देश दिया है। उन्होने कहा कि राजस्व वादों का निस्तारण मानक के अनुसार समय-सीमा के अन्दर सुनिश्चित किया जाय।
उन्होने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रत्येक दशा में कार्यालय में समय से उपस्थित रहें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की भी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। कलेक्ट्रेट स्थित समस्त कार्यालयों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए एवं अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से रखने पर विशेष बल दिया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ललित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अशोक कुमार, उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।

















