Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश बस्ती में मतदाता सूची के लिए 4 दिन विशेष अभियान:बीएलओ से नाम...

बस्ती में मतदाता सूची के लिए 4 दिन विशेष अभियान:बीएलओ से नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और नाम हटवाने के लिए कर सकेंगे आवेदन

0
3

बस्ती में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, दर्ज गलतियां सुधारने और नाम हटवाने के लिए जिले में चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक इन दिनों मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने और नाम हटवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में बैठक हुई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। डीएम ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी होगी। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, संशोधन के लिए फॉर्म-8 डीएम ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। नाम, पता और अन्य जानकारी में बदलाव, फोटो पहचान पत्र बदलने तथा दिव्यांग मतदाताओं की पहचान दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ नई फोटो और जन्मतिथि व पते से जुड़े जरूरी दस्तावेज लगाने होंगे। मतदाता ईसीआईनेट (ECINET) मोबाइल ऐप और आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। राजनीतिक दलों और नागरिकों से सहयोग की अपील डीएम ने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनंदू सुधाकरन, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के बाद डीएम ने जिला निर्वाचन कार्यालय और सदर तहसील स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण भी किया।