
फखरपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिपहिया हुलास में शिक्षकों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये और लेटलतीफी के चलते बृहस्पतिवार को हंगामा हो गया। स्कूल के शिक्षकों के समय पर न पहुंचने और मनमाने ढंग से आने के कारण बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा था, जिससे अभिभावक और ग्रामीण नाराज हो गए। सरसठ बेटौरा निवासी सुमित सिंह ने पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल में तैनात शिक्षक अपने काम को लेकर लगातार लापरवाह हैं। जब एक अभिभावक शिवम तिवारी अपने भतीजे के साथ स्कूल पहुंचे और व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर प्रधानाध्यापक से मिलने लगे, तो उन्होंने बातचीत का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में एक शिक्षक कथित तौर पर गुटखा खाते हुए दिखा, हालांकि दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता है। वीडियो रिकॉर्डिंग होते देख शिक्षक गुस्सा हो गए और आरोप है कि उन्होंने अभिभावक को धक्का मारकर मुख्य द्वार से बाहर निकाल दिया। शिक्षकों के इस रवैये से ग्रामीण और गुस्सा हो गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल के बाहर इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रधानाध्यापक पिछले 19 साल से इसी स्कूल में हैं, जिससे वे मनमानी करते हैं। हंगामे की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। बौंडी थाना प्रभारी संजीव कुमार वर्मा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष मिथिलेश मिश्र (बजरंग दल) शुभम मिश्र भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और संगठन के लोगों ने समझदारी दिखाते हुए नाराज अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सुलह कराई। लंबी बातचीत के बाद स्कूल प्रशासन ने अपनी गलती मानी और भविष्य में तय समय पर स्कूल आने का वादा किया, जिसके बाद मामला शांत हो गया। खंड शिक्षा अधिकारी फखरपुर ने इस घटना पर ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
































