महाराजगंज के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बरवां सोनिया गांव के 18 वर्षीय भरत चौहान की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक करन चौहान गंभीर रूप से घायल है। हादसा गुरुवार शाम करीब 6 बजे निचलौल-पूरैना मार्ग पर देवरावां चौराहे के पास हुआ। भरत चौहान, मनोज चौहान का बेटा था। वह गुरुवार को एक अन्य युवक के साथ बाल कटवाने गया था। घर लौटते समय उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्राली से टकरा गई। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। वहां जांच के बाद भरत को मृत घोषित कर दिया गया। करन का इलाज चल रहा है। वह रामपुर बलडीहा का रहने वाला है और अपने मामा के यहां रहकर पढ़ाई करता है। पुलिस ने भरत के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसे सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने सड़क किनारे खड़ी ट्राली को हादसे की वजह बताते हुए गल्ला व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी अनूप तिवारी ने कहा कि उन्हें फिलहाल घटना की जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्राली से टकराई, युवक की मौत:महाराजगंज में दूसरा युवक गंभीर घायल, शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया जाम
BREAKING
NEWS












