पटना। जमुई जिले में एक छात्रा के साथ हुई बदसलूकी की घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। जीतन राम मांझी ने कहा है कि तेजस्वी यादव अक्सर उत्तर प्रदेश और बिहार के सभी यादवों को अपना भाई बताते हैं, ऐसे में जमुई की इस शर्मनाक घटना और उसका वीडियो बनाने वाले भी उनके उन्हीं कथित 'भाइयों' में से हैं। मांझी ने तंज कसते हुए तेजस्वी को सलाह दी है कि वह अपने ऐसे भाइयों को तुरंत सचेत कर दें, क्योंकि सरकार किसी भी दोषी को बख्शने के मूड में नहीं है।
तेजस्वी पर साधा निशाना, कही यह बात
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनकी सरकार सिर्फ बातें नहीं करती, बल्कि काम करके दिखाती है। जमुई की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की छवि धूमिल करने के लिए कुछ लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। मांझी ने यह भी कहा कि अब तेजस्वी यादव यह बयान देंगे कि सरकार ने उनके भाई को गोली चलवाकर ठोक दिया है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि यह मौजूदा सरकार का सुशासन है, जहां अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
इस पूरे मामले पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नंदन को मड़वा पहाड़ी क्षेत्र में घेर लिया गया था और उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई थी। पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश करने पर जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है। इस घटना में शामिल दूसरा आरोपी हरेराम अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है और उसकी तलाश जारी है।













































