सुल्तानपुर: लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के विरोध में मंगलवार को जयसिंहपुर तहसील के लेखपालों ने अतिरिक्त कार्य का बहिष्कार किया। तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर श्रीवास्तव के नेतृत्व में लेखपालों ने अपने बस्ते जमा कर दिए और मांगें पूरी होने तक अतिरिक्त कार्य एवं अन्य क्षेत्रीय कार्यों का बहिष्कार जारी रखने की बात कही।
इसके पूर्व शनिवार को लेखपाल संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की आधारशिला के रूप में लगातार बढ़ते कार्यभार के बीच काम कर रहे हैं। संसाधनों की कमी, लंबे समय से लंबित पदोन्नति, वेतन विसंगति, अतिरिक्त कार्यभार और अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर श्रीवास्तव ने कहा कि राजस्व अभिलेखों के अध्ययन, वरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी लेखपालों पर है। इसके बावजूद उनकी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संघ ने शनिवार को तहसील दिवस में एसडीएम संदीप कुमार यादव को ज्ञापन देकर मांगों के समाधान की मांग की थी। साथ ही 22 सितंबर तक मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर अतिरिक्त कार्य और अन्य क्षेत्रीय कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। समयसीमा तक कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को लेखपालों ने बस्ता जमा कर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया।
तहसील मंत्री विपिन यादव ने कहा कि संघ की मांगें किसी वर्ग विशेष तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजस्व कार्यों की सुचारु व्यवस्था से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मांगों के समाधान के बाद ही लेखपालों के कार्य पर लौटने की बात कही गई है।इस दौरान ऑडिटर शिवकुमार, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, अभय सिंह, ज्ञान तिवारी, दीक्षा सिंह, विजय शुक्ला, अखिलेश सिंह सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
The post सुल्तानपुर: लेखपालों ने जमा किए बस्ते, अतिरिक्त काम से किया किनारा, मांगों को लेकर प्रदर्शन appeared first on Breaking Tube.













































