उमर हबीब सेवेन स्काई एकेडमी, मानिकचन्द में रविवार को छठवां वार्षिकोत्सव मनाया गया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए शिक्षा, आपसी भाईचारे और देशप्रेम का संदेश दिया।
.
कार्यक्रम की शुरुआत सनराइज स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. फैसल अख्तर, दीनबंधु महाविद्यालय के प्रबंधक हरिशंकर चौधरी और पूर्व प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर की। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया।
छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता, आज की राजनीति और देशभक्ति पर गीत, नाटक और भाषण पेश किए। दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

डॉ. फैसल अख्तर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और अच्छे संस्कार विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों से जोड़ना जरूरी है।
हरिशंकर चौधरी ने कहा कि विद्यालय बच्चों की प्रतिभा निखारने और व्यक्तित्व बनाने का केंद्र है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका देते हैं। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही।
चौधरी ने कहा, “शिक्षा शेरनी के दूध के समान है, जिसे जो पीएगा, दहाड़े अवश्य मारेगा।”

पूर्व प्राचार्य डॉ० सतीश सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ साहित्य, कला, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता भी जरूरी है। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद शब्बीर अहमद मजाहिरी ने किया। विद्यालय के प्रबंधक अब्दुल माजीद खान एवं प्रधानाचार्या नाजिश अख्तर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया हैं।
इस मौके पर डॉ० इफ्तिखार अहमद, धर्मगुरू मौलाना मोहम्मद अयूब खान, डॉ० निहालुद्दीन जमाली, हरिनंदन पाण्डेय, प्रवीण कुमार, ग्राप्र अलीहुसेन, समीर, अजमत अली, रवि कन्नौजिया, मनीषा सिंह, निशां, शाहीन, मुफ्ती अनीसुर्रहमान सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।















