बस्ती की बर्दिया लोहार ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितता की दोषी पाई गईं पूर्व प्रधान अंजली को अब प्रशासक पद से हटा दिया गया है। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत दुबौलिया को अगले आदेश तक ग्राम पंचायत का प्रशासक नियुक्त किया है। पूर्व प्रधान पर अंतिम जांच में अपने जेठ की फर्म को अलग-अलग तारीखों में कुल 33 लाख 62 हजार 657 रुपए का गलत भुगतान कराने का आरोप सही पाया गया था। जांच में यह भी सामने आया था कि ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों की मजदूरी का भुगतान भी अंजली ने अपने निजी खाते में लिया। प्रशासन ने उनसे 33.62 लाख रुपए की वसूली का आदेश जारी किया था। इसके बावजूद ग्राम पंचायत का कार्यकाल खत्म होने के बाद उन्हें उसी पंचायत का प्रशासक बना दिया गया था। जेठ की फर्म को 33.62 लाख के भुगतान का मामला अंतिम जांच में पूर्व प्रधान अंजली पर आरोप लगा कि उन्होंने ग्राम पंचायत के कामों के लिए अपने पति के बड़े भाई की फर्म का चयन किया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में फर्म को कुल 33 लाख 62 हजार 657 रुपए का भुगतान किया गया। जांच में इन भुगतानों को वित्तीय अनियमितता माना गया। इसके अलावा पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों में काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी भी उनके निजी बैंक खाते में भेजे जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद प्रशासन ने अंजली से 33.62 लाख रुपए की वसूली का आदेश दिया। अप्रैल 2025 में अधिकार किए गए थे सीज वित्तीय अनियमितता के मामले में जिलाधिकारी ने अप्रैल 2025 में अंजली के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार रोक दिए थे। इसके बाद भी ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त होने पर उन्हें बर्दिया लोहार ग्राम पंचायत का प्रशासक बना दिया गया। प्रशासक के रूप में उनकी नियुक्ति को लेकर सवाल उठे और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। इसी नियुक्ति के खिलाफ याचिकाकर्ता सूरज सिंह ने 22 मई 2026 को हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। प्रशासक नियुक्ति के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका सूरज सिंह की ओर से दाखिल याचिका के बाद प्रशासक बनाए जाने के संबंध में अवमानना याचिका भी दाखिल की गई। मामले में पूर्व प्रधान के खिलाफ पहले से हुई प्रशासनिक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट को भी सामने रखा गया। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने अंजली को प्रशासक पद से हटाने का आदेश जारी किया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के संचालन के लिए नए प्रशासक की नियुक्ति कर दी गई। एडीओ पंचायत दुबौलिया संभालेंगे जिम्मेदारी जिलाधिकारी के आदेश के बाद अब सहायक विकास अधिकारी पंचायत दुबौलिया बर्दिया लोहार ग्राम पंचायत के प्रशासक के रूप में काम करेंगे। उन्हें अगले आदेश तक यह जिम्मेदारी दी गई है। ग्राम पंचायत में अब प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत के पास रहेगी। पूर्व प्रधान से 33.62 लाख रुपए की वसूली का आदेश पहले ही जारी हो चुका है।
जनता दर्शन में पुलिस अधीक्षक ने सुनी जन समस्याएं, संबंधित को...
श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आमजन की शिकायतों व समस्याओं को गंभीरता से सुना...





























