महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार में रामलीला मेले के दौरान बिरयानी के पैसे मांगने को लेकर दुकानदार और कुछ युवकों के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। इससे मेले में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवकों ने दुकानदार की दुकान पर बिरयानी खाई। इसके बाद दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान मेले में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ मारपीट का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने मारपीट की घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नौतनवा थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
































