BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग प्रयागराज में रिश्वत लेने वाला सिपाही सस्पेंड, 4.20 लाख घूस लेने का...

प्रयागराज में रिश्वत लेने वाला सिपाही सस्पेंड, 4.20 लाख घूस लेने का आरोप

प्रयागराज में पुलिस विभाग में रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद आरोपी सिपाही अभिषेक कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि साइबर ठगी में फ्रीज हुई रकम वापस दिलाने के नाम पर आरोपी कांस्टेबल ने अपने ही विभाग की महिला सिपाही से 4.20 लाख रुपये की रिश्वत ली थी। मामले में कार्रवाई के बाद साइबर थाने के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है।

ये था मामला

जानकारी के मुताबिक, महिला कांस्टेबल निशू सिंह ने करीब 60 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। ठगी की रकम में से कुछ धनराशि फ्रीज कराई गई थी। आरोप है कि इसी रकम को वापस दिलाने के नाम पर कांस्टेबल अभिषेक कुमार ने महिला सिपाही से 4.20 लाख रुपये की मांग की और रकम ली।

मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।

मामले में साइबर थाने के तत्कालीन प्रभारी ओम नारायण गौतम की भूमिका भी जांच के घेरे में है। उनके निलंबन की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट भेजी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यह देखा जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस मामले की जानकारी थाना स्तर के अधिकारियों को थी या नहीं और रकम वापस कराने की प्रक्रिया में किन-किन कर्मचारियों की भूमिका रही।

होगी जांच

पुलिस विभाग अब साइबर थाने के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। जांच में अगर किसी अन्य कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल आरोपी कांस्टेबल अभिषेक कुमार का निलंबन इस मामले में विभाग की पहली बड़ी कार्रवाई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।