Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश जमीन के सौदे में 1.29 करोड़ की ठगी का आरोप:महराजगंज में चार...

जमीन के सौदे में 1.29 करोड़ की ठगी का आरोप:महराजगंज में चार लोगों पर FIR दर्ज, कोर्ट के आदेश पर श्यामदेउरवा पुलिस ने की कार्रवाई

0
0

महराजगंज के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर 1 करोड़ 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला जमीन के एग्रीमेंट और बैनामे से जुड़ा है।
लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी बुजेश कुमार यादव ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 9 दिसंबर 2024 को बरियारपुर निवासी अमीरुन निशा, जलालुद्दीन, सहाबुद्दीन और कमरे आलम के साथ जमीन खरीदने का एग्रीमेंट हुआ था।
एग्रीमेंट में दो गाटा नंबरों की कुल 2 एकड़ 18 डिसमिल जमीन का सौदा 6 करोड़ रुपये में तय हुआ था। इसकी अवधि तीन साल थी।
बुजेश कुमार यादव का आरोप है कि उन्होंने अलग-अलग समय पर आरोपियों को करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये दिए। भुगतान नकद, चेक और गूगल पे से किया गया। जमीन पर प्लॉटिंग, मिट्टी भरवाने, सड़क बनवाने और दीवार बनवाने में भी करीब 48 लाख रुपये खर्च किए गए।
आरोप है कि बैनामा कराने की बात कहने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। बाद में उन्होंने जमीन किसी अन्य व्यक्ति के साथ एग्रीमेंट कर दी। 16 जुलाई 2026 को बसहिया में पंचायत हुई, जहां पीड़ित ने रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस दौरान उसे गाली दी गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने कहा कि स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर श्यामदेउरवां पुलिस ने 18 नवंबर 2026 को चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।