Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश 921 मतदेय स्थलों पर नए वोटर बनाने के लिए शिविर:श्रावस्ती में 18...

921 मतदेय स्थलों पर नए वोटर बनाने के लिए शिविर:श्रावस्ती में 18 साल पूरे कर चुके युवाओं के भरवाए गए फॉर्म-6

श्रावस्ती जिले के सभी 921 मतदेय स्थलों पर रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाए गए। इनमें 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाए गए। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर BLO ने नए मतदाताओं के आवेदन लिए। अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने से रोकना है। विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को हो चुका है। दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दाखिल की जा सकती हैं। विशेष अभियान दिवस आगामी 28 और 29 नवंबर को होंगे। इन दिनों सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक BLO अपने तय मतदेय स्थलों पर जरूरी दस्तावेजों के साथ मौजूद रहेंगे। दावे और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक होगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। 30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्वगणना जिला प्रशासन ने लोगों से जनगणना-2027 के तहत ऑनलाइन स्वगणना करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और संसाधनों की योजना बनाने का आधार है। नागरिक 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर घर बैठे अपने मकान और परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना पूरी होने के बाद मिलने वाली विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (SEID) को सुरक्षित रखना होगा। घर-घर जनसंख्या गणना के दौरान यह संख्या प्रगणक को देनी होगी, ताकि दर्ज जानकारी की जांच हो सके। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना पात्र नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है और जनगणना में भाग लेना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।