सिसवा ब्लॉक के ग्रामसभा शितलापुर में रविवार को उस समय रूहानी और भावुक माहौल देखने को मिला, जब गांव के आशिक अली अपनी पत्नी जमीरुन निशा के साथ मुकद्दस उमराह की अदायगी के लिए रवाना हुए। इस पाक सफर पर निकले दंपती को विदा करने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। नात ख्वानी, मोहब्बत और दुआओं के बीच ग्रामीणों ने दोनों को गर्मजोशी से रुखसत किया।
रविवार की सुबह से ही आशिक अली और जमीरुन निशा गांव में घूम-घूमकर अपने अजीजों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से मुलाकात करने लगे। इस दौरान नात ख्वानी की सदाओं से माहौल रूहानियत से सराबोर हो उठा। हर तरफ मुबारकबाद और नेक दुआओं का सिलसिला चलता रहा।
इसके बाद दोनों शितलापुर मोड़ चौराहे पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके इस्तकबाल और विदाई के लिए मौजूद रहे। सुबह करीब नौ बजे गांव के लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर दंपती का सम्मान किया। एक-दूसरे से गले मिलते समय कई लोगों की आंखें नम हो गईं। विदाई के इस यादगार लम्हे में गांव की महिलाएं, नौजवान, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हुए।
ग्रामीणों ने दंपती की सकुशल यात्रा, सेहत और इबादत की कुबूलियत के लिए अल्लाह तआला से दुआ मांगी। आशिक अली और जमीरुन निशा करीब 15 रोज तक उमराह की अदायगी के बाद अपने गांव शितलापुर वापस लौटेंगे। इस तरह गांव की सामूहिक मोहब्बत, भाईचारे और मजहबी अकीदत के बीच दंपती का रुखसती समारोह यादगार बन गया।
सिसवा से उमराह के सफ़र पर रवाना हुआ दंपती:नात ख़्वानी और दुआओं के बीच उमराह के लिए रवाना हुए आशिक़ अली और ज़मीरुन निशा
BREAKING
NEWS
















