BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home लोकल न्यूज Maharajganj : साइबर अपराध पर शिकंजा, जागरूकता अभियान चलाएगी पुलिस

Maharajganj : साइबर अपराध पर शिकंजा, जागरूकता अभियान चलाएगी पुलिस

  • 13 शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर होंगे कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं व व्यापारियों को किया जाएगा जागरूक
  • फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव की दी जाएगी जानकारी
  • साइबर फ्रॉड होते ही 1930 पर करें कॉल, cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं शिकायत

Maharajganj : जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को ऑनलाइन वित्तीय व डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने के लिए महराजगंज पुलिस व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाएगी। अभियान के तहत 3 से 19 अक्टूबर तक जिले के 13 शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी (साइबर क्राइम थाना)/अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में आयोजित इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

पुलिस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर को देवकली इंटर कॉलेज बासपार बैजौली, 5 अक्टूबर को श्रीमती अनार कली देवी कन्या इंटर कॉलेज राजपुर श्यामदेउरवा और 6 अक्टूबर को विशप एकेडमी में जागरूकता कार्यक्रम होगा।

इसके बाद 7 अक्टूबर को पंडित काशी प्रसाद दीक्षित शिक्षण एवं प्रशिक्षण स्नातकोत्तर महाविद्यालय पकड़ी भिटौली, 8 अक्टूबर को राजकीय जिला पुस्तकालय और 9 अक्टूबर को एनसीसी कैंप सिसवा बाजार में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

संबंधित खबरें

इसी क्रम में 12 अक्टूबर को आदर्श इंटर कॉलेज सिंदुरिया, 13 अक्टूबर को केएमसी मेडिकल कॉलेज, 14 अक्टूबर को व्यापार मंडल अग्रवाल अतिथि भवन और 15 अक्टूबर को भी निर्धारित स्थल पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रमों में फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी, ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी समेत साइबर अपराध के अन्य तरीकों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। पुलिस लोगों से अपील करेगी कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग एवं निजी जानकारी किसी से साझा न करें और ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता बरतें।

पुलिस ने साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।