BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home लोकल न्यूज बछिया को स्कॉर्पियो से कुचलने के मामले में मुकदमा दर्ज

बछिया को स्कॉर्पियो से कुचलने के मामले में मुकदमा दर्ज

सुबह वायरल हुई थी घटना की खबर, दोपहर में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर; लापरवाही से वाहन चलाने और पशु को नुकसान पहुंचाने के आरोप में केस

Lakhimpur Kheri : गोला गोकरननाथ खीरी की भारत भूषण कॉलोनी में गुरुवार सुबह सफेद स्कॉर्पियो से बछिया को कुचलने के मामले में गोला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद बछिया की मौत की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा में आ गया था। खबर को दैनिक भास्कर डिजिटल ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वायरल खबर के बाद पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू की और गुरुवार दोपहर एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और पशु को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

घटना गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे भारत भूषण कॉलोनी में हुई

एफआईआर के मुताबिक, कॉलोनी में एक बछिया मौजूद थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो यूपी 31 बीयू 3417 वहां से गुजरी। शिकायतकर्ता गोविंद लाल मिश्रा ने आरोप लगाया है कि वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बछिया को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद बछिया की मौत हो गई।

संबंधित खबरें

सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल थी खबर

घटना के बाद बछिया के घायल होने और मौत की जानकारी सामने आई तो मामले की खबर सुबह ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। बछिया को वाहन से कुचले जाने की तस्वीरें और घटना की जानकारी सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। लोगों ने घटना की जांच और वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने गोला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित प्रत्यक्षदर्शियों के साथ ही फोटो और वीडियो उपलब्ध होने की बात कही है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच में शामिल करने की मांग भी पुलिस से की गई है।

वारिस अली अंसारी के नाम दर्ज है चालक

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर 1 अक्टूबर को दोपहर 12:33 बजे थाना गोला में दर्ज हुई। एफआईआर में वाहन चालक के रूप में वारिस अली अंसारी निवासी भारत भूषण कॉलोनी, गोला का नाम दर्ज किया गया है।

एसआई सुनील कुमार तिवारी करेंगे विवेचना

मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुनील कुमार तिवारी को सौंपी गई है। अब पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, फोटो-वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता गोविंद लाल मिश्रा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।