नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विपणन वर्ष 2027-28 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके साथ गेहूं का एमएसपी बढ़कर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं का एमएसपी 2,585 रुपये प्रति क्विंटल था।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने विपणन वर्ष 2027-28 के लिए सभी अनिवार्य रबी फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रबी फसलों के एमएसपी में वृद्धि की है। सरकार के फैसले के तहत गेहूं के अलावा अन्य प्रमुख रबी फसलों के समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी की गई है।
वैष्णव के अनुसार, कुसुम के एमएसपी में सबसे अधिक 675 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। इसके बाद रेपसीड और सरसों के एमएसपी में 413 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है।
मसूर के एमएसपी में 390 रुपये, जौ में 136 रुपये और चना में 83 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। गेहूं के समर्थन मूल्य में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।










































