
बहराइच में साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के लिए बहराइच पुलिस ने ऑपरेशन CyVajra चलाकर संगठित साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 13 आरोपियों के खिलाफ गैंग चार्ट तैयार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इनमें से 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरोह बनाकर कमजोर, बेरोजगार और परिचित लोगों के बैंक खातों व एटीएम से जुड़ी जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे। डीजीपी के निर्देश पर चिह्नित किए गए साइबर अपराधी पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव की निगरानी में साइबर अपराधियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे थे। इसके बाद 13 आरोपियों का गैंग चार्ट तैयार किया गया। डीएम की मंजूरी के बाद दर्ज हुआ गैंगस्टर का केस गैंग चार्ट को जिलाधिकारी से मंजूरी मिलने के बाद थाना दरगाह शरीफ में मुकदमा संख्या 406/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की है। 7 आरोपियों को दबोचा, पहले से दर्ज हैं साइबर फ्रॉड के केस 10 सितंबर को गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मो. आमिर (26), रामजी यादव (35), सौरभ मिश्रा (20), फहीम (28), साहिल बेग (23), सत्येंद्र कुमार चौहान और संतोष सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी साइबर फ्रॉड और आईटी एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। कई थानों में दर्ज हैं साइबर अपराध के मुकदमे पुलिस के मुताबिक, मो. आमिर और फहीम समेत कई आरोपियों पर दरगाह शरीफ थाने में साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। रामजी यादव और सत्येंद्र कुमार चौहान के खिलाफ साइबर क्राइम थाना बहराइच में केस दर्ज हैं। वहीं, सौरभ मिश्रा पर मोतीपुर थाने में साइबर अपराध का मुकदमा दर्ज है। कई थानों की पुलिस टीम ने मिलकर की कार्रवाई कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र कुमार मिश्रा और निरीक्षक जयराम यादव के साथ नगर कोतवाली, मटेरा और कोतवाली देहात की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





































