UP: रायबरेली जिले के बछरांवा थाना क्षेत्र स्थित खैरहनी गांव में शनिवार दोपहर प्रेम-प्रसंग के रंजिश में एक युवक की ईंट-पत्थरों और डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव निवासी ग्राम प्रधान गणेश प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र रमाकांत के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके पति को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रमाकांत शुक्रवार को कार से अपनी पूर्व परिचित महिला से मिलने उसके मायके खैरहनी गांव पहुंचा था। शनिवार दोपहर महिला और उसके मौजूदा पति ने ग्रामीणों के सामने ही रमाकांत को घेर लिया। इसके बाद दोनों ने उस पर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रमाकांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
Also Read: Raebareli: बाइक ले जाने की जिद पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाई और चाची समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग का निकलकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि छतैया गांव निवासी सोनी की शादी वर्ष 2010 में अमित नाम के व्यक्ति से हुई थी। इसी दौरान वह रमाकांत के संपर्क में आई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। करीब सात साल बाद सोनी का पहले पति से तलाक हो गया, जिसके बाद उसने खैरहनी निवासी सुरेंद्र से दूसरी शादी कर ली। सुरेंद्र और सोनी बीते तीन वर्षों से साथ रह रहे थे। महिला के दोबारा शादी कर लेने के बावजूद रमाकांत उससे मिलने खैरहनी पहुंच गया, जिससे नाराज होकर दपति ने वारदात को अंजाम दे डाला।
मामले की जानकारी मिलते ही बछरांवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बछरांवा थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में शामिल दोनों मुख्य आरोपियों पति और पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)







































