
बहराइच के नए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को पदभार संभाला। उन्होंने कोषागार में कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और विभागों की प्रगति की जानकारी ली। शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। जनसमस्याओं का समय पर समाधान प्राथमिकता डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान कराया जाएगा। कानून-व्यवस्था मजबूत रखने पर भी विशेष ध्यान रहेगा। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निपटारे और विकास कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी की जाएगी। सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचाना भी प्राथमिकता होगी। टीम के रूप में काम करेंगे अधिकारी-कर्मचारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम के रूप में काम करने को कहा। उन्होंने जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन बनाने पर जोर दिया। कहा कि जनता और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल से समस्याओं का तेजी से समाधान किया जाएगा। शिक्षा-स्वास्थ्य के साथ युवाओं पर फोकस डीएम ने कहा कि जिले की भौगोलिक और सामाजिक स्थिति को समझकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के प्रयास होंगे। युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर अवसर तैयार करने पर भी काम किया जाएगा। किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा जोर डीएम ने कहा कि बहराइच कृषि प्रधान जिला है। यहां कृषि क्षेत्र में विकास की काफी संभावनाएं हैं। किसानों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। बाढ़ और कटान से निपटने की बनेगी रणनीति जिलाधिकारी ने कहा कि बहराइच में बाढ़ और कटान बड़ी समस्या है। इससे निपटने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर रणनीति तैयार की जाएगी। जरूरत के अनुसार प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान सीडीओ सुनील कुमार धनवंता, एडीएम अमित कुमार, सीआरओ सौरभ दुबे और नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।








































