सिसवा नगरपालिका में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से मुकरने का मामला सामने आया है। युवती ने युवक पर शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, शादी से इनकार करने के बाद युवक और उसके परिजनों पर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोठीभार थाना क्षेत्र निवासी करीब 20 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि सिसवा नगरपालिका के चित्रगुप्त नगर वार्ड एक निवासी युवक से उसकी करीब एक वर्ष से बातचीत होती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। युवती के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां युवक बीयर लेकर आया और खुद पीने के साथ उसे भी पिलाई। इसके बाद नशे की हालत में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने जल्द शादी करने का भरोसा दिया। इसी वादे के सहारे उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
तहरीर के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 को दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई तो युवक शादी के लिए तैयार हो गया। इसके बाद 5 सितंबर को शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया गया। हालांकि, अब संबंधित कार्यालय में जाकर विवाह की प्रक्रिया पूरी करने की बात आई तो युवक कथित तौर पर मुकरने लगा। युवती ने युवक के भाई और पिता पर भी अपने परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है।
इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 69, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सिसवा में शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप:शादी का रजिस्ट्रेशन कराने के बाद मुकरने का आरोप, युवती की शिकायत पर तीन धाराओं में केस दर्ज
BREAKING
NEWS

















