Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश Sitadwar Kartik Purnima Mela 2026

Sitadwar Kartik Purnima Mela 2026

श्रावस्ती के इकौना के सीताद्वार में कार्तिक पूर्णिमा मेला 24 नवंबर से शुरू होगा। पांच दिन चलने वाले मेले में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

.

सोमवार शाम 6 बजे मेला प्रबंधन ने बताया कि मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 8 जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई जाएगी।

दो शिफ्टों में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने ड्यूटी पर लगाए गए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचकर सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मेले में 18 निरीक्षक, 107 उपनिरीक्षक, 253 मुख्य आरक्षी और आरक्षी तथा 65 महिला आरक्षियों समेत कुल 443 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अन्य पुलिस बल भी तैनात रहेगा। पुलिसकर्मी दंगा नियंत्रण के जरूरी उपकरणों के साथ ड्यूटी करेंगे।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

पूरे मेला परिसर पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। छेड़खानी, चेन और पर्स छीनने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। गुंडा दमन दल और एंटी रोमियो टीम भी सक्रिय रहेगी। इसके अलावा छतों पर भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी टीम, दो फायर टेंडर और फ्लड पीएसी तैनात रहेंगे। मेले में एक्सेस कंट्रोल रूम, पुलिस चौकी, वॉच टावर और खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, बैरियर और रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है।

सीता कुंड में स्नान का विशेष महत्व

सीताद्वार धार्मिक और पौराणिक मान्यताओं के लिए जाना जाता है। मान्यता है कि माता सीता ने वनवास के दौरान महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में समय बिताया था। यहां स्थित सीता कुंड में कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।

पांच दिवसीय मेले में श्रावस्ती और आसपास के जिलों के साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।