डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टीवीएस परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। उद्योगपति वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने टीवीएस परिवार में अपने पिता की शाखा की संपत्ति के बंटवारे की मांग की है। उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत इसमें अपना बराबर का हिस्सा मांगा है।
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, इस कदम से परिवार की संपत्ति और टीवीएस होल्डिंग्स, टीवीएस मोटर कंपनी, टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज और सुंदरम-क्लेटन जैसी कई कंपनियों में मौजूद हितों के बंटवारे को लेकर उत्तराधिकार विवाद और गहरा गया है।
पिता को भेजा कानूनी नोटिस
वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी ने अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर परिवार के मुखिया के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने और निष्पक्ष और कानूनी बंटवारा सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 (2005 में संशोधित) की धारा 6 का हवाला दिया है, जिसके तहत हिंदू संयुक्त परिवार की संपत्ति में बेटियों को बेटों के समान अधिकार और जिम्मेदारियां मिलती हैं।
उनकी मां, मल्लिका श्रीनिवासन ने भी इस मांग का समर्थन किया है। उनका तर्क है कि परिवार की संपत्ति में बेटी का भी बराबर का हिस्सा बनता है।
समझौते को लेकर अलग-अलग दावे
जहां एक तरफ वेणु श्रीनिवासन और उनके बेटे सुदर्शन का कहना है कि संपत्ति का समझौता पहले ही हो चुका है, वहीं दूसरी तरफ लक्ष्मी और मल्लिका का तर्क है कि परिवार की आर्थिक संपत्तियों का कोई व्यापक बंटवारा नहीं हुआ है।
लक्ष्मी का स्पष्ट कहना है कि पहले जो व्यवस्थाएं बनी थीं, उनमें केवल बिजनेस पर नियंत्रण और परिवार के ट्रेडमार्क के इस्तेमाल की बात थी, लेकिन असल संपत्तियों के मालिकाना हक और उनके स्पष्ट बंटवारे को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ था।
जहां वेणु श्रीनिवासन और उनके बेटे सुदर्शन का कहना है कि समझौता पहले ही हो चुका है, वहीं लक्ष्मी और मल्लिका का तर्क है कि परिवार की आर्थिक संपत्तियों का कोई व्यापक बंटवारा नहीं हुआ है।
लक्ष्मी का कहना है कि पहले जो व्यवस्थाएं बनी थीं, उनमें केवल बिजनेस पर नियंत्रण और परिवार के ट्रेडमार्क के इस्तेमाल की बात थी, लेकिन असल संपत्तियों के मालिकाना हक और उनके बंटवारे को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ था।
ट्रस्ट और कॉर्पोरेट ढांचों में हिस्सेदारी
ये संपत्तियां और हित परिवार के ट्रस्टों और कॉर्पोरेट ढांचों के जरिए रखे गए हैं। टीवीएस होल्डिंग्स की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी में परिवार और प्रमोटर ग्रुप की 74.45 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसमें से 66.55 प्रतिशत हिस्सेदारी अकेले वेणु श्रीनिवासन के पास वीएस ट्रस्ट के जरिए है। इसके अलावा, टीवीएस होल्डिंग्स की टीवीएस मोटर कंपनी में 56 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
इस पूरे मामले पर मुखर होते हुए लक्ष्मी ने कहा, कानून में या आज के प्रगतिशील भारत में पितृसत्ता के लिए कोई जगह नहीं है।

















