BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश एकीकृत कृषि प्रणाली और मत्स्य पालन इकाई का निरीक्षण:विश्व बैंक पोषित यूपी...

एकीकृत कृषि प्रणाली और मत्स्य पालन इकाई का निरीक्षण:विश्व बैंक पोषित यूपी एग्रीस परियोजना के अधिकारी पचदेवरी पहुंचे, किसानों से संवाद किया

विश्व बैंक से पोषित यूपी एग्रीस परियोजना के तहत सोमवार शाम करीब पौने पांच बजे विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों की टीम साऊंघाट विकास खंड के पचदेवरी गांव पहुंची। टीम ने यहां संचालित एकीकृत कृषि प्रणाली और मत्स्य पालन इकाई का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कृषि के साथ मत्स्य पालन, मुर्गी पालन और बागवानी जैसी गतिविधियों को एक साथ अपनाने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत भी की। टीम ने पचदेवरी में संचालित एकीकृत कृषि मॉडल में मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, मछली निकालने, मेड़ पर बागवानी और काला नमक धान में उर्वरक रहित खेती जैसी गतिविधियों को देखा। पैंड़ा खरहरा के किसान आदर्श प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी मत्स्य पालन इकाई में कई प्रजातियों की मछलियां पाली जा रही हैं। इनमें भारतीय प्रमुख मत्स्य प्रजातियों के साथ पंगास, सिंघी और उत्तर प्रदेश की राजकीय मछली चीतल भी शामिल हैं। अधिकारियों ने तालाब में मत्स्य पालन की व्यवस्था और मछलियों को निकालने की प्रक्रिया देखी, साथ ही उत्पादन से जुड़ी जानकारी ली। मुर्गी पालन इकाई में सोनाली और देशी नस्ल की मुर्गियां पाली जा रही हैं। यहां हर दिन करीब 450 अंडों का उत्पादन हो रहा है। अधिकारियों ने मुर्गी पालन से होने वाली आय और इसे अन्य कृषि गतिविधियों से जोड़ने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि खेती के साथ मत्स्य पालन, मुर्गी पालन और बागवानी जैसी गतिविधियों को जोड़ने से किसानों को आय के दूसरे स्रोत मिल सकते हैं। किसानों ने भी इस तरह के मॉडल को अपनाने में रुचि दिखाई है।

इस दौरान डा० रचना सरकार सामाजिक सुरक्षा विशेषज्ञ यूपी-डास्प लखनऊ, डॉ० विनोद कुमार जिला परियोजना प्रबंधक, विपिन कुमार अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, आशीष प्रताप सिंह वरिष्ठ उप प्रबंधक कृषि, कृष्ण प्रताप सिंह परियोजना वैज्ञानिक अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, शिवा जी कन्नौजिया उपप्रबंधक मत्स्य, राकेश वर्मा सहायक विकास अधिकारी कृषि, सूरज वर्मा एडीओ एजी साऊंघाट, आदर्श प्रताप सिंह, रामफेर गौतम सहित लोग मौजूद रहे