BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा:गंभीर हालत में...

श्रावस्ती में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा:गंभीर हालत में बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर, पैर में फीमर फ्रैक्चर और सिर में चोट

श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली इलाके में मंगलवार रात करीब 10 बजे चितईपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर में फीमर फ्रैक्चर हुआ है और सिर में भी अंदरूनी चोट आई है। नवागढ़ बाजार निवासी 20 वर्षीय ज्वाला प्रसाद, जो देवता प्रसाद का बेटा है, मोटरसाइकिल से चितईपुर में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। इसी बीच चितईपुर के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिजन ज्वाला प्रसाद को अपने निजी वाहन से भिनगा के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसका शुरुआती इलाज किया। मरीज की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद मरीज को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा गया। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी मोहम्मद आरिफ खान ने रास्ते में मरीज की ठीक से देखभाल की। मरीज की हालत देखकर ईएमटी आरिफ ने एंबुलेंस कंट्रोल रूम के डॉक्टर (ईआरसीपी) से सलाह ली। डॉक्टर की सलाह पर मरीज को जरूरी इलाज दिया गया और उसकी लगातार निगरानी रखी गई। इसके बाद मरीज को बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मरीज के परिजनों ने ईएमटी मोहम्मद आरिफ खान और एंबुलेंस चालक का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के लिए भी आभार व्यक्त किया।