Home उत्तर प्रदेश चाय की दुकान से जहरीला फुरसा सांप रेस्क्यू:जरवा में पकड़ा गया, आरक्षित...

चाय की दुकान से जहरीला फुरसा सांप रेस्क्यू:जरवा में पकड़ा गया, आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा; 4 दिन पहले सांप काटने से हुई थी मौत

0
2


तुलसीपुर के पहलवानपुर चौराहे पर स्थित पूनम चाय दुकान से एक जहरीले फुरसा सांप को पकड़ा गया। पूनम नाम की महिला चाय बना रही थी, तभी उसकी नजर पैर के पास तेजी से आते सांप पर पड़ी। वह चिल्लाते हुए सड़क की ओर भागी, जिससे ग्राहक भी डरकर भाग गए। प्रधान घनश्याम यादव ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन दरोगा अखिलेश गुप्ता, वॉचर इरफान और जाहिद मौके पर पहुंचे। उन्होंने अत्यंत विषैले सॉ-स्केल्ड वाइपर (फुरसा) सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सांप दिखने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि पकड़ा गया सांप फुरसा प्रजाति का है, जो बहुत जहरीला होता है। इसका जहर हीमोटॉक्सिक होता है, जो शरीर में खून पर असर डालता है। समय पर इलाज न मिलने पर गंभीर स्थिति बन सकती है। रेस्क्यू के बाद सांप को वन विभाग की तुलसीपुर रेंज के कवही नाला के पास आरक्षित वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन दरोगा अखिलेश गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। इसके बजाय, तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। लोगों ने बताया कि चार दिन पहले इसी चौराहे पर रहने वाले छटीराम को सांप ने काट लिया था। बलरामपुर जिला अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उनकी मौत हो गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here