लोकतंत्र की मजबूती में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और मतदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए सिसवा नगरपालिका निवासी प्रसिद्ध गायक एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन को महराजगंज जिले का स्वीप आइकॉन बनाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने प्रदेश निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 और विधानसभा चुनाव के दौरान वे संगीत, कला और साहित्य के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अमित अंजन ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। पिछले विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने जिला प्रशासन के साथ मिलकर मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उस दौरान ऑडियो और वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों से मतदान की अपील की गई थी। उनके प्रयासों और जिला प्रशासन की पहल से महराजगंज ने अंतिम चरण में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत का कीर्तिमान स्थापित किया था। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया था।
अमित अंजन ने कहा कि लोककलाएं, संगीत, नाटक और नृत्य समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़ने की प्रभावशाली विधाएं हैं। इनके माध्यम से मतदान जैसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दायित्व के प्रति लोगों में सहज रूप से जागरूकता पैदा की जा सकती है। इस बार भी उनका लक्ष्य महराजगंज को मतदान प्रतिशत में प्रदेश में अग्रणी बनाना है।
उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता के लिए नए गीत, वीडियो और नाट्य प्रस्तुतियां तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन से स्वीकृति मिलते ही इनका प्रसारण और सार्वजनिक प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मतदान का संदेश पहुंच सके। उन्होंने नवागत जिलाधिकारी के प्रति आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयास से निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जाएगा। अमित अंजन की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
महराजगंज में स्वीप आइकॉन बने अमित अंजन:लोककला और संगीत से मतदाताओं को करेंगे जागरूक, विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की मिली अहम जिम्मेदारी
BREAKING
NEWS

















