बस्ती में पीएफ फंड दिलाने का झांसा देकर लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भारतपे POS मशीन की जांच में 44 लाख 17 हजार 996 रुपए के लेन-देन की पुष्टि हुई है। आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर सात साइबर शिकायतें भी दर्ज मिली हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, भारतपे की एक POS मशीन, 15 एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, चार चेक, आधार और पैन कार्ड, तीन बैंक पासबुक और 6,770 रुपए नकद बरामद किए हैं। पीएफ फंड का झांसा देकर खातों का इस्तेमाल पुलिस के मुताबिक, लालगंज थाना क्षेत्र के पगार खास निवासी संदीप यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पीएफ फंड आने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने उनके, उनके भाई और एक मित्र के बैंक खातों का इस्तेमाल किया। इन खातों में लाखों रुपए मंगवाकर निकाल लिए गए। शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेते थे इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अतुल मिश्रा निवासी सिद्धार्थनगर, रोहित गौतम और सुजीत गौतम निवासी लखनऊ, राजा वर्मा निवासी लखनऊ और सौरभ चौधरी उर्फ सौरभ वर्मा निवासी बस्ती को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों के मोबाइल पर संदिग्ध APK फाइल भेजकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। फाइल इंस्टॉल होने के बाद मोबाइल की एक्सेसिबिलिटी अनुमति के जरिए डिवाइस तक पहुंच बना लेते थे। इसके बाद रिमोट एक्सेस ट्रोजन (RAT) की मदद से मोबाइल नियंत्रित कर यूपीआई के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर करते थे। बाद में एटीएम, POS मशीन और चेक के माध्यम से रकम निकाल लेते थे।
पीएफ फंड के नाम पर ठगी करने वाले 5 अरेस्ट:बस्ती में भारतपे POS मशीन से 44.17 लाख के लेन-देन का खुलासा
BREAKING
NEWS

















