Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश बस्ती में गन्ने की फसल जलाने का आरोप:जमीन विवाद में परिवार ने...

बस्ती में गन्ने की फसल जलाने का आरोप:जमीन विवाद में परिवार ने विपक्षियों और चकबंदी कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया

बस्ती के गौर थाना क्षेत्र के सांड़वीडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार ने विपक्षियों पर गन्ने की खड़ी फसल में आग लगाने का आरोप लगाया है। परिवार की महिलाओं ने 21 नवंबर 2026 को एसपी बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चकबंदी विभाग के कुछ कर्मचारियों पर विपक्षियों से मिलीभगत और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, विवाद गाटा संख्या 810 और उससे सटे गाटा संख्या 809 व 808 की जमीन को लेकर है। आरोप है कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान विपक्षी पक्ष के साथ मिलकर उनकी जमीन की पैमाइश कराने की कोशिश की गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि खेत में गन्ने की फसल खड़ी होने के बावजूद उसे खाली बताकर पैमाइश का दबाव बनाया गया। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे खेत में खड़ी गन्ने की फसल में आग लग गई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग फैल चुकी थी। परिवार ने विपक्षी पक्ष के कुछ लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि करीब डेढ़ लाख रुपए की गन्ने की फसल जल गई। शिकायत में चकबंदी विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि फसल खड़ी होने की बात कहकर पैमाइश का विरोध करने पर उन्हें दबाव और धमकी का सामना करना पड़ा। परिवार का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्यों को उलटे थाने ले जाकर चालान किया गया। पुनिता देवी पत्नी रामजीवन और शांति देवी पत्नी रामजीवन ने एसपी बस्ती से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने फसल में आग लगाने के आरोपों और चकबंदी विभाग की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।