UP: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। चमाव निवासी माता प्रसाद यादव ने पत्नी पर प्रताड़ित करने, धमकी देने और बच्चों से मिलने से रोकने सहित कई आरोप लगाए हैं। अदालत के निर्देश पर शिवपुर पुलिस ने पत्नी, उसके पिता और दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी की पढ़ाई से प्रतियोगी परीक्षा तक में पति ने किया सहयोग
माता प्रसाद के मुताबिक, वर्ष 2011 में उनका विवाह चौबेपुर क्षेत्र के शंकरपुर निवासी ममता यादव से हुआ था। उन्होंने बताया कि पत्नी इंटरमीडिएट तक पढ़ी थीं और आगे पढ़ाई करना चाहती थीं। पति का दावा है कि उन्होंने पत्नी की शिक्षा में सहयोग करते हुए बीए, एमए और बीएड की पढ़ाई पूरी कराई। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद की।
नौकरी लगने के बाद बढ़ा विवाद, प्रयागराज में तैनाती
शिकायत के अनुसार, बाद में ममता यादव का चयन आबकारी विभाग में महिला कांस्टेबल के पद पर हो गया और वर्तमान में उनकी तैनाती प्रयागराज में है। पति का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आया और वह अक्सर उन्हें अपमानित करने वाली बातें करने लगीं। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।
बच्चों से मिलने से रोकने और सामान ले जाने का आरोप
माता प्रसाद ने आरोप लगाया कि जब वह प्रयागराज बच्चों से मिलने जाते हैं तो पत्नी उन्हें बच्चों से मिलने नहीं देतीं। उन्होंने पत्नी पर बिना बताए कई दिनों तक घर से बाहर रहने और उन्हें अयोग्य बताने का भी आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया है कि 8 जनवरी 2024 को पत्नी अपने दो भाइयों के साथ उनके घर आईं और अलमारी में रखे 48 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चेन और घड़ी लेकर चली गईं।
ससुराल पक्ष पर धमकी देने का भी आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
पति का आरोप है कि जब उन्होंने इस घटना की जानकारी ससुर को दी तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी की ओर से उन्हें बार-बार झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती रही। पुलिस ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
The post UP: पत्नी की सरकारी नौकरी के बाद बिगड़े रिश्ते, पति ने लगाए गंभीर आरोप, 4 पर FIR appeared first on Breaking Tube.













































