UP: हाथरस में ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन के बीच जिलाधिकारी अतुल वत्स का तबादला कर दिया गया है। शासन की ओर से देर रात जारी की गई तबादला सूची में हाथरस के जिलाधिकारी अतुल वत्स का नाम भी शामिल है। उनके स्थान पर सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
दाऊजी महाराज के मेले का आयोजन इन दिनों पूरे उत्साह के साथ चल रहा है। ऐसे में मेले के बीच जिलाधिकारी के तबादले की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। अब नए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के सामने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ चल रहे दाऊजी मेले की व्यवस्थाओं को संभालने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
ALSO READ: Banda: UPI पर MDR को लेकर व्यापारियों में उबाल, PM के नाम DM को सौंपा ज्ञापन
गौर करने वाली बात यह है कि हाथरस में दाऊजी मेले के दौरान जिलाधिकारी के तबादले का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले वर्ष 2011 में भी दाऊजी मेले के आयोजन के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी प्रांजल यादव का तबादला हुआ था। उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक प्रांजल यादव का स्थानांतरण 21 सितंबर 2011 को हुआ था।
यानी करीब 15 वर्ष बाद एक बार फिर दाऊजी मेले के दौरान हाथरस के जिलाधिकारी का तबादला चर्चा का विषय बन गया है। उस समय भी मेले का आयोजन चल रहा था और अब वर्ष 2026 में भी दाऊजी मेले के बीच जिलाधिकारी अतुल वत्स के तबादले की खबर सामने आई है।
अब देखना होगा कि नए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल कब कार्यभार ग्रहण करते हैं और मेले के शेष आयोजन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।
फिलहाल, दाऊजी मेले के बीच हुए इस प्रशासनिक बदलाव को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर जारी है।
The post UP: दाऊजी मेले के बीच हाथरस जिलाधिकारी अतुल वत्स का तबादला, सत्य प्रकाश पटेल होंगे नए डीएम appeared first on Breaking Tube.













































