Barabanki: बाराबंकी जिले के रामनगर तहसील क्षेत्र में घाघरा नदी पर प्रस्तावित छह लेन केबल ब्रिज के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। स्थायी पुल के निर्माण से पहले नदी के बीच करीब 1200 मीटर लंबा दो लेन का अस्थायी लोहे का पुल तैयार किया जा रहा है। इसी टेंपरेरी ब्रिज के जरिए निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की योजना है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
घाघरा नदी में हाल ही में आई बाढ़ के कारण अस्थायी पुल का निर्माण कार्य प्रभावित हो गया था। अब नदी का जलस्तर घटने के बाद सोमवार से निर्माण एजेंसी ने दोबारा काम शुरू कर दिया है। संजय सेतु के समीप निर्माण स्थल पर बड़ी मशीनों से पाइलिंग का कार्य कराया जा रहा है। मशीनों के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी भी निर्माण कार्य में जुटे हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर विनायक की निगरानी में चल रहे निर्माण कार्य में लोहे के अस्थायी पुल को निर्धारित संरचना के अनुसार तैयार किया जा रहा है। मैकेनिकल इंचार्ज बब्बन सिंह ने बताया कि बाढ़ के चलते काम रोकना पड़ा था, लेकिन पानी कम होने के बाद अब निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।
बताया गया कि टेंपरेरी ब्रिज तैयार होने के बाद इसी क्षेत्र में दो छह लेन केबल ब्रिज बनाने की दिशा में मुख्य कार्य आगे बढ़ेगा। प्रस्तावित पुल का स्पैन करीब 140 मीटर होगा और आधुनिक तकनीक से तैयार होने वाले दोनों पुलों में कुल 16 बड़े पिलर बनाए जाने की योजना है। केबल की ऊंचाई करीब 35 मीटर रखी जाएगी। यह परियोजना बाराबंकी से बहराइच तक प्रस्तावित करीब 102 किलोमीटर लंबे छह लेन हाईवे का महत्वपूर्ण हिस्सा है। केबल ब्रिज की अनुमानित लागत 600 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। परियोजना को तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है, हालांकि निर्माण एजेंसी इसे करीब दो वर्ष में पूरा करने के प्रयास में जुटी है। फिलहाल नदी में टेंपरेरी लोहे के पुल का निर्माण तेज होने से छह लेन पुल की आधारभूत तैयारियों को गति मिल गई है।
The post Barabanki: घाघरा पर छह लेन केबल ब्रिज की तैयारी तेज, 1200 मीटर लंबे अस्थायी पुल का निर्माण शुरू appeared first on Breaking Tube.













































