विशाल उपाध्याय | सीखरपुर, बलरामपुर35 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय आदर्श नगर की प्रभारी प्रधानाध्यापक सलमा खान को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चुना गया है। उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए प्रयोगों, अच्छी पढ़ाई और बच्चों के पूरे विकास के लिए यह सम्मान मिलेगा। उनके चयन से विद्यालय और शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।
सलमा खान ने दिसंबर 2008 में प्राथमिक विद्यालय बिजलीपुर प्रथम, बलरामपुर में सहायक अध्यापक के तौर पर अपना शिक्षण कार्य शुरू किया था। शुरुआत से ही उन्होंने बच्चों को रोचक और गतिविधि आधारित तरीके से पढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने और उनके पढ़ाई के स्तर को सुधारने के लिए कई नए तरीके अपनाए।
साल 2011 में उनका ट्रांसफर ग्रामीण इलाके से शहर के प्राथमिक विद्यालय प्राचीन में हो गया। इसके बाद 2014 में उन्हें पदोन्नति मिली और उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय आदर्श में सहायक अध्यापक का पद संभाला। यहां भी उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रचनात्मक, वैज्ञानिक और खेल जैसी दूसरी प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार काम किया।
2022-23 से सलमा खान कंपोजिट विद्यालय आदर्श नगर में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में काम कर रही हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय कई तरह की गतिविधियों का केंद्र बन गया है। उनके मार्गदर्शन में छात्रों ने खेल प्रतियोगिताओं, विज्ञान प्रदर्शनियों, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान और राष्ट्रीय आय और योग्यता आधारित परीक्षा (NMMS) जैसी कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
कई छात्रों का चयन जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक हुआ, जो उनके मार्गदर्शन और विद्यालय के अच्छे माहौल का नतीजा है। उनके बेहतरीन शैक्षणिक कार्य के लिए उन्हें अब तक जिले, मंडल और राज्य स्तर पर करीब एक दर्जन सम्मान मिल चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव, नगर शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम वर्मा और विनय चौधरी ने बधाई दी है। कार्यालय के स्टाफ और शिक्षक सुधीर सिंह, प्रदीप सिंह, नवीन सिंह, रिशु पांडे, सरिता वर्मा, आमना खातून, मोहम्मद आजम, शमसुल्लाह, सबीना बानो ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।






























