
बलरामपुर के रेहरा बाजार स्थित ब्लॉक मुख्यालय में बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। ब्लॉक कार्यालय के मुख्य गेट के सामने पानी जमा होने से ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, कर्मचारियों और अधिकारियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के प्रेरणा कक्ष का रास्ता भी जलभराव से प्रभावित है। मुख्य गेट के सामने कई फीट तक पानी और कीचड़ जमा है। इससे कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पैदल चलने वालों को पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी रास्ता जोखिम भरा है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ब्लॉक मुख्यालय में जलभराव की यह समस्या नई नहीं है। हर साल बारिश में परिसर और मुख्य गेट के आसपास पानी जमा हो जाता है। स्थायी जल निकासी की व्यवस्था न होने से यह समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासी राम बहादुर, दयाशंकर, शिवकुमार, शिवशंकर और श्यामसिंह ने बताया कि नालियों की ठीक से सफाई न होने और पानी निकालने के इंतजाम न होने से बारिश का पानी परिसर में रुक जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने, प्रभावित जगहों की मरम्मत कराने और समस्या के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। विकास खंड अधिकारी सौरभ पांडे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे फोन पर बात नहीं हो पाई। कार्यालय पहुंचने पर भी वे मौजूद नहीं थे। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी ने मामले की जांच कराने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जरूरी कार्रवाई करने की बात कही है। अब देखना यह है कि विकास योजनाओं का संचालन करने वाले इस ब्लॉक मुख्यालय की जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है।
































