महराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र के करौता के पास बुधवार शाम को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगदाही बसंतपुर निवासी प्रियंका पासवान (22), पुत्री रामा पासवान, अपने भाई के साथ बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान चौक कतरारी निवासी दिलीप (25), पुत्र अशोक, भी बाइक से किसी काम से जा रहे थे। करौता के पास अचानक दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी चौक अस्पताल पहुंचाया। प्रियंका की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। वहीं, दिलीप की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दिलीप की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार पटेल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत:22 साल की बहन गंभीर घायल, भाई के साथ काम से जा रही थी
और पढ़ें
संबंधित खबरें










































