
बस्ती के कप्तानगंज थानाक्षेत्र के पगार गांव में तेज बारिश के दौरान दो कच्चे मकान गिर गए। एक झोपड़ी में सो रही मीना देवी मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने काफी कोशिश के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना से प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। यह घटना बीती रात हुई, जब तेज बारिश के दौरान गांव निवासी मीना देवी पत्नी अमित कुमार और करोड़ा देवी पत्नी स्वर्गीय रामसूरत के छप्परनुमा मकान अचानक गिर गए। गांव में कई दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। हादसे के दौरान मीना देवी के मलबे में दबने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत मलबा हटाना शुरू किया और कड़ी मेहनत के बाद मीना देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कच्चे मकानों के गिरने से दोनों परिवारों के सामने रहने की समस्या आ गई है। मकान गिरने की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लेने लगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सही मदद देने की मांग की है।




















































