
बहराइच के शिवपुर ब्लॉक के किशुनपुर मीठा गांव में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश ने विकास कार्यों की हकीकत सामने ला दी। करीब चार बजे हुई बारिश के बाद गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कें पानी में डूबकर नहर जैसी दिखने लगीं और कई घरों में पानी घुस गया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने से ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कत हुई। स्थानीय निवासी राहुल, संतोष और तीरथ ने बताया कि बारिश होते ही गांव की सड़कें पानी से भर जाती हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, यह समस्या पहली बार नहीं हुई है, बल्कि हर बारिश में उन्हें इसी परेशानी से जूझना पड़ता है। उनका आरोप है कि गांव में पानी निकालने की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पानी निकालने की सही व्यवस्था करने की मांग की है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे सहायक विकास अधिकारी पंचायत राम कुमार ने बताया कि हालात गंभीर हैं। टीम भेजकर मौके की जांच कराई जा रही है और जल्द ही पानी निकालने की बेहतर व्यवस्था की जाएगी।































