
श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक का नासिरगंज से बदला मुख्य मार्ग गहरे गड्ढों में बदल गया है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरनाक साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह मार्ग नासिरगंज को बहराइच, भिनगा और दर्जनों गांवों से जोड़ने का मुख्य रास्ता है। कई सालों से पक्की सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। हल्की बारिश में ही सड़क कीचड़ और दलदल में बदल जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। रात में अंधेरे के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय निवासी जाबिर अली ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों स्कूली बच्चे, किसान और मजदूर गुजरते हैं। बड़े-बड़े गड्ढों में गिरकर कई लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन आज तक इसकी मरम्मत नहीं हुई। नासिरगंज बाजार के दुकानदार विजय गुप्ता ने कहा कि सड़क खराब होने से बाहर गांव के ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं। इससे उनका व्यापार पूरी तरह ठप पड़ गया है। वाहन चालक मुस्ताक अहमद ने बताया कि बाइक, साइकिल और ई-रिक्शा गड्ढों में फंस जाते हैं। बरसात में पानी भरने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगता और कीचड़ उछलकर कपड़े खराब कर देता है। बताया जा रहा है कि यह सड़क चंदन कोटिया और महादेवा ग्राम पंचायतों की सीमा पर आती है। इसी वजह से दोनों पंचायतें एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रही हैं।

















































