BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश लक्ष्मणपुर चौराहे पर जाम का जाल:सड़क पर ऑटो-ठेले का कब्जा, एंबुलेंस फंसी...

लक्ष्मणपुर चौराहे पर जाम का जाल:सड़क पर ऑटो-ठेले का कब्जा, एंबुलेंस फंसी तो खुली व्यवस्था की पोल

0
8

श्रावस्ती के सिरसिया ब्लॉक स्थित लक्ष्मणपुर बाजार का चौराहा इन दिनों जाम की समस्या से जूझ रहा है। तहसील और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले इस मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सड़क पर ऑटो-टेंपो की बेतरतीब पार्किंग, ठेले वालों का अतिक्रमण और दोपहिया वाहनों के खड़े होने से यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई है। शाम होते-होते स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। सोमवार को जाम में एंबुलेंस फंसने से समस्या की गंभीरता सामने आ गई। मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस के फंसने से परिजनों की परेशानी बढ़ गई। सड़क पर ही सवारियों का इंतजार करते हैं ऑटो चालक लक्ष्मणपुर चौराहे पर जाम की सबसे बड़ी वजह ऑटो और टेंपो चालकों की मनमानी बताई जा रही है। चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा करके सवारियों का इंतजार करते हैं। सवारी मिलते ही सड़क पर वाहन रोककर उन्हें बैठाया जाता है। इससे सड़क का रास्ता संकरा हो जाता है। दूसरी ओर से आने वाले वाहन निकलने की कोशिश करते हैं तो जाम लग जाता है। शाम के समय वाहनों का दबाव बढ़ने पर स्थिति और खराब हो जाती है। दुकानों के सामने वाहन खड़े होने से कारोबारी परेशान सड़क पर ऑटो खड़े किए जाने का असर बाजार के कारोबार पर भी पड़ रहा है। जेवर की दुकान के मालिक सुहेल और सूफियान ने बताया कि ऑटो चालक अक्सर उनकी दुकान के सामने ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इससे ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने और बाहर निकलने में परेशानी होती है। दुकानदारों का कहना है कि जाम की वजह से बाजार में आने वाले लोग भी परेशान होते हैं, जिसका सीधा असर दुकानदारी पर पड़ रहा है। मेडिकल स्टोर के सामने भी दिनभर रहती है परेशानी मेडिकल स्टोर संचालक महताब ने बताया कि सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। खासकर शाम के समय वाहनों का दबाव बढ़ने से समस्या गंभीर हो जाती है। मेडिकल स्टोर के आसपास जाम लगने से मरीजों और उनके तीमारदारों को भी परेशानी होती है। सोमवार को एंबुलेंस के जाम में फंसने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। पुलिस आती है तो रास्ता खुलता है, जाते ही फिर जाम स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, जाम की सूचना पर पुलिस पहुंचती है तो सड़क से वाहनों को हटाकर रास्ता साफ करा दिया जाता है। कुछ देर तक यातायात सामान्य रहता है, लेकिन पुलिस के हटते ही ऑटो चालक दोबारा सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं। इसके बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि केवल मौके पर जाम खुलवाने के बजाय स्थायी व्यवस्था की जरूरत है। ठेले और दोपहिया वाहनों ने भी घेर रखी सड़क चौराहे के दोनों ओर फल और चाट के ठेले सड़क किनारे लगे रहते हैं। इनके कारण सड़क का हिस्सा घिर जाता है। पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। इसके अलावा दोपहिया वाहन भी सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। ऑटो, ठेले और बेतरतीब पार्किंग एक साथ होने से चौराहे पर जाम की आशंका लगातार बनी रहती है। दुकानदार बोले- कार्रवाई हो, तभी सुधरेगी व्यवस्था स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जाम के कारण बाजार में कारोबार प्रभावित हो रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में भी परेशानी होती है। सबसे ज्यादा चिंता तब बढ़ जाती है जब मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस जाम में फंस जाती है। दुकानदारों ने प्रशासन से सड़क से अतिक्रमण हटाने, ऑटो-टेंपो के लिए निर्धारित स्थान तय करने और दोपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित निगरानी और कार्रवाई होने पर ही लक्ष्मणपुर चौराहे की यातायात व्यवस्था सुधर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here