BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home देश वाराणसी में नक्सली कमांडर का एनकाउंटर, डिप्टी SP की जैकेट पर लगी...

वाराणसी में नक्सली कमांडर का एनकाउंटर, डिप्टी SP की जैकेट पर लगी गोली, बाल-बाल बचे

वाराणसी में बड़ा एनकाउंटर, 30 लाख का मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर ढेरवाराणसी। धर्मनगरी काशी में शनिवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। यूपी एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के कुख्यात नक्सली संगठन TPC के चीफ कमांडर को मार गिराया है। मुठभेड़ रामनगर के टेंगरा मोड़ के पास हुई है।

मारा गया नक्सली कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं, बल्कि झारखंड पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में टॉप पर था। उसका नाम बृजेश गंझू उर्फ गोपाल है। झारखंड सरकार ने उस पर 25 लाख और NIA ने 5 लाख का इनाम रखा था।

बाइक रोकते ही करने लगा फायरिंग

सूत्रों के मुताबिक एटीएस को इनपुट मिला था कि बृजेश अपने एक साथी के साथ बाइक से मुगलसराय की तरफ निकलने वाला है। रामनगर थाने के लंका मैदान के पास पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को घिरा देख बृजेश बाइक से कूदा और सीधे पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया।

इस दौरान एक गोली एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। हेड कांस्टेबल नितेंद्र भी बाल-बाल बचे। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बृजेश को दो गोलियां लगीं और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

8 साल से NIA को थी तलाश

बृजेश गंझू झारखंड के प्रतिबंधित संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का सुप्रीमो था। 8 साल पहले NIA ने उसे टेरर फंडिंग मामले में वांटेड किया था। उस पर दर्जनों हत्या, रंगदारी और नक्सली हमलों के केस दर्ज हैं।

झारखंड पुलिस के IG ऑपरेशन्स नरेंद्र सिंह ने एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए कहा कि वाराणसी में बृजेश के मारे जाने की सूचना STF के जरिए मिली है। फिलहाल काशी जोन के सभी बड़े अधिकारी मौके पर हैं और फरार साथी की तलाश में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।