
विक्रमजोत विकास क्षेत्र के शंकरपुर गांव में जलजमाव और नालियों में जमा पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। साफ-सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। मच्छरों की संख्या बढ़ने से ग्रामीणों को रात में सोने में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और बाढ़ के बाद गांवों में गंदगी बढ़ गई है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव नहीं कराया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र के किसी भी गांव में अब तक मच्छररोधी दवा का छिड़काव नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि दवा के छिड़काव और वितरण के लिए ग्राम प्रधान और एएनएम के संयुक्त खाते में धनराशि आती है। इस राशि से गांवों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और क्लोरोक्वीन टैबलेट का वितरण किया जाना चाहिए। आरोप है कि संबंधित गांवों में न तो दवा का छिड़काव कराया गया और न ही दवाओं का वितरण हुआ। ग्रामीणों ने अधिकारियों से गांव में तत्काल साफ-सफाई कराने के साथ ही मच्छररोधी दवा का छिड़काव और दवाओं का वितरण कराने की मांग की है।









































