BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश बस्ती में नाली निर्माण का भुगतान हुआ, काम अधूरा:ग्रामीणों की शिकायत पर...

बस्ती में नाली निर्माण का भुगतान हुआ, काम अधूरा:ग्रामीणों की शिकायत पर रात में JCB से खुदाई शुरू

बस्ती जिले के दुबौलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेलमापुर में नाली निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन से तपहा नदी तक नाली बनाने के लिए साल 2021-22 में भुगतान हो चुका था, लेकिन मौके पर काम अधूरा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद तेजी से रात में जेसीबी बुलाकर नाली की खुदाई की गई। दैनिक भास्कर की टीम शनिवार को मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने खोदी गई नाली दिखाते हुए अपनी बात बताई। शिकायतकर्ता मनीष ने बताया कि नाली निर्माण का भुगतान 2021-22 में ही हो चुका था, पर मौके पर कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद ही रात में जेसीबी से खुदाई कराकर काम शुरू किया गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने और दस्तावेजों का मौके की स्थिति से मिलान करने की मांग की है। मौके पर मौजूद सुनील चौधरी, सचिन चौधरी, रामस्वागन, अजय पांडे, अरविंद चौधरी और सूरज समेत कई अन्य लोगों ने भी नाली निर्माण पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पहले भुगतान हुआ था, तो उसके हिसाब से मौके पर कितना काम हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए। हालांकि, प्रधान ने ग्रामीणों के आरोपों पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि 2021-22 में जिस काम की बात हो रही है, वह पंचायत भवन तक कराया गया था। अभी जो काम हुआ है, उसके लिए कोई भुगतान नहीं लिया गया है। प्रधान के मुताबिक, पुराने और अभी के काम को अलग-अलग देखा जाना चाहिए। ग्राम पंचायत अधिकारी भरतनाथ यादव ने बताया कि नाली को लेकर शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक इस समय पंचायत भवन से तपहा नदी तक कोई काम नहीं हो रहा है। ग्रामीणों के आरोप और जिम्मेदारों के अलग-अलग बयानों के बाद अब पुराने भुगतान के दस्तावेजों और मौके पर हुए काम की जांच से ही पूरी स्थिति साफ होगी।