BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home देश मेरठ: पुलिस जवानों के जूते बदलने पर मंथन, पहले पुलिसकर्मियों के ली...

मेरठ: पुलिस जवानों के जूते बदलने पर मंथन, पहले पुलिसकर्मियों के ली जा रही राय फिर होगा फैसला

मेरठ। उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों के जूते बदलने की कवायद शुरू हो गई है, लेकिन इससे पहले मेरठ पुलिस लाइन ने जिले के सभी थानों के पुलिसकर्मियों से उनकी राय मांगी है। जवानों से पूछा गया है कि अगर चमड़े के जूतों की जगह नए मॉडर्न सिंथेटिक टैक्टिकल फुटवियर पहनने को कहा जाए तो उन्हें कितनी सुविधा होगी।

भेजा गया पत्र

पुलिस लाइन मेरठ की ओर से जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और इकाइयों को पत्र भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर जूतों के स्वरूप में बदलाव पर विचार चल रहा है।

पुराने लेदर शूज की जगह हल्के, आरामदायक और सभी मौसम में चलने वाले सिंथेटिक टैक्टिकल जूते लाने का प्रस्ताव है। लेकिन इसे लागू करने से पहले जमीनी स्तर पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों की राय को अहम माना जा रहा है। इसलिए हर थाने से सुझाव मांगे गए हैं कि ड्यूटी, परेड, दौड़, भीड़ नियंत्रण और लंबी ड्यूटी के दौरान नए जूते कितने उपयोगी रहेंगे। क्या इससे पैरों में आराम मिलेगा, क्या ये टिकाऊ हैं और क्या बारिश या गर्मी में इनसे दिक्कत होगी?

है काफी हल्का

सूत्रों के मुताबिक कई जवानों ने पहले ही शिकायत की थी कि चमड़े के जूते भारी होते हैं और बरसात में जल्दी खराब हो जाते हैं। वहीं नया टैक्टिकल जूता स्पोर्ट्स शूज जैसा हल्का बताया जा रहा है।

फिलहाल यह साफ कर दिया गया है कि अभी जूते बदलने का अंतिम फैसला नहीं हुआ है। पहले पुलिसकर्मियों के सुझाव पुलिस लाइन में संकलित किए जाएंगे, उसके बाद रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी। जवानों की सहमति और फीडबैक के बाद ही नए जूतों पर अंतिम मुहर लगेगी।