
चेतरा क्षेत्र की सरयू नदी में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव उतराता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना पर चेतरा कुट्टी ग्राम सभा में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 32 वर्ष है। शव की तलाशी के दौरान उसकी जेब से लगभग 1300 रुपये भी मिले। चौकी इंचार्ज बेडनापुर हेमंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ मामले की जांच में जुटी है।





























