श्रावस्ती में इकौना थाना क्षेत्र के इटवरिया के पास सोमवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके साथ मौजूद दूसरा युवक भी घायल हुआ। गंभीर हालत में घायल युवक को जिला अस्पताल भिनगा से बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एंबुलेंस कर्मियों ने रास्ते में उसकी देखरेख करते हुए उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार, इकौना थाना क्षेत्र के लालपुर खदरा निवासी समई राय (30) पुत्र राम उजागर सोमवार रात इकौना बाजार में पेंटिंग का काम करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ मुनावर (40) पुत्र नवाब अली भी मौजूद थे। दोनों भामे पारा-लालपुर मार्ग पर इटवरिया के पास पहुंचे थे, तभी सामने से डबल ट्रॉली जोड़कर आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना में समई गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ और घुटने की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। परिजन उन्हें अपने साधन से संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद घायल को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से बहराइच भेजा गया। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी मोहम्मद आरिफ खान ने रास्ते में मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखी और कंट्रोल रूम में मौजूद डॉक्टर से परामर्श लेकर आवश्यक उपचार किया। पायलट मनोज के सहयोग से मरीज को सुरक्षित बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर भर्ती कराया गया। मरीज के परिजनों ने आपातकालीन सेवा के दौरान बेहतर देखभाल के लिए ईएमटी मोहम्मद आरिफ खान और पायलट मनोज का आभार जताया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस सेवा की सराहना की।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल:दूसरा युवक भी घायल; समई राय को भिनगा से बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया
BREAKING
NEWS
















