श्रावस्ती के जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं की शिकायतें सुनीं। मंगलवार दोपहर 2 बजे भूमि विवाद, अवैध कब्जे, पारिवारिक विवाद और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से जुड़ी शिकायतें आईं। डीएम ने अधिकारियों को तय समय में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। तहसील जमुनहा के मोहनपुर भरथा निवासी गंगाजली पत्नी कमलेश कुमार ने शिकायत की कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कब्जा परिवर्तन कराने के नाम पर हल्का लेखपाल रिश्वत मांग रहा है। डीएम ने शिकायत पर नाराजगी जताई और उपजिलाधिकारी जमुनहा को फोन कर तुरंत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत सही मिलने पर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जांच के बाद लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया। इकौना तहसील के बेदौरा मशरिक निवासी क्रान्ती देवी पत्नी राम अक्षयवर ने बताया कि वह निराश्रित महिला हैं। पिछले महीने सड़क हादसे में उनके बेटे शत्रुहन की मौत हो गई थी। उन्होंने बेटे की वरासत अपने नाम दर्ज कराने और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ दिलाने की मांग की। डीएम ने उपजिलाधिकारी इकौना को तुरंत कार्रवाई करने और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर मंडल के जिलों में हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम होता है। इसका उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करना है। जनता दर्शन में जिलाधिकारी को 11 शिकायतें भी मिलीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का समाधान सिर्फ कागजों पर न करें, बल्कि मौके पर जाकर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रावस्ती में रिश्वत मांगने की शिकायत पर लेखपाल सस्पेंड:डीएम ने जांच के बाद की कार्रवाई; शिकायतों के जल्द निस्तारण के निर्देश
BREAKING
NEWS
















