BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home बड़ी खबर, बड़ा असर उज्जैन में मिठाई को लेकर शिकायत, पैकेट में कीड़े मिलने पर खाद्य...

उज्जैन में मिठाई को लेकर शिकायत, पैकेट में कीड़े मिलने पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शहर के कोयला फाटक स्थित प्रसिद्ध 'लाला श्री मिष्ठान भंडार' पर एक ग्राहक की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। दुकान से मिठाई के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं, और रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मिठाई के पैकेट में कीड़े मिलने पर ग्राहक ने की ऑनलाइन शिकायत

कोयला फाटक निवासी चेतन शर्मा ने खाद्य विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने स्थानीय लाला श्री मिष्ठान भंडार से 170 रुपये देकर 250 ग्राम 'गुपचुप' मिठाई खरीदी थी। जब वे मिठाई का पैकेट लेकर घर पहुंचे और उसे खोला, तो उसमें से तेज बदबू आ रही थी और मिठाई के अंदर कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए। ग्राहक का आरोप है कि इस दुकान से पहले भी खराब मिठाई मिलने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, तब संचालक ने दूसरी मिठाई देकर मामला शांत कर दिया था।

खाद्य विभाग की टीम ने दुकान और कारखाने पर की छापेमारी

शिकायत मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने न केवल मुख्य दुकान का निरीक्षण किया, बल्कि मिठाई बनाने वाले कारखाने की भी बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने संदेहास्पद मिठाई के सैंपल (नमूने) कलेक्ट कर लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दुकान संचालक की सफाई

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद दुकान के संचालक राजकुमार गुप्ता का पक्ष भी सामने आया है। उनका कहना है कि जिस ट्रे से निकालकर वह मिठाई ग्राहक को दी गई थी, उसकी दोबारा जांच की गई है और उसमें कोई कमी नजर नहीं आई। संचालक का तर्क है कि यदि मिठाई खराब पाई जाती है, तो उसे तुरंत बदल दिया जाता है या ग्राहक के पैसे वापस लौटा दिए जाते हैं। इस घटना के बाद से शहर के अन्य मिष्ठान व्यापारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।